Uttarakhand: देर रात पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़…पैर में गोली लगने से शूटर घायल, अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार

खबर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेल नगर क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि अंकित चौहान का नाम कुछ दिन पहले शिमला बायपास रोड पर एक व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में सामने आया था। पुलिस तभी से उसकी तलाश में जुटी थी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: कट्टे में मिला 10 वर्षीय बच्चे का शव, गला घोंटकर हत्या की आशंका, गौलापार में फैली दहशत

पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी का आरोप

मामले की जांच में एक युवती की भूमिका भी सामने आई है, जिसने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। पुलिस के मुताबिक, बड़ोवाला में बैंक कर्मी सत्यम चौहान को गोली मारने के मामले में घायल व्यक्ति की एक पुरानी महिला मित्र के साथ आरोपी का संपर्क था।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने घायल व्यक्ति को रास्ते से हटाने के लिए उसकी पुरानी महिला मित्र से पांच लाख रुपये में सौदा किया था। इस रकम के बदले उसे व्यक्ति की हत्या करनी थी। सौदे की कुछ रकम पहले तय हुई थी, जबकि बाकी रकम लेने के लिए आरोपी दोबारा अपने साथी के साथ देहरादून पहुंचा था।

यह भी पढ़ें 👉  आईपीएल में शतकों के ‘किंग’: विराट कोहली से जोस बटलर तक, इन बल्लेबाजों का दबदबा

रकम लेने आया था, पुलिस से हो गया सामना

पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथी के साथ तय सौदे की बाकी रकम लेने के लिए देहरादून आया था। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की भनक लगी और पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस ने दोनों को घेरने का प्रयास किया। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने घायल आरोपी को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

फरार साथी की तलाश में सर्च अभियान

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: CBI की बड़ी कार्रवाई...वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी 5 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पहले भी जेल जा चुका है घायल आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुठभेड़ में घायल अंकित चौहान का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ हालिया फायरिंग और कथित सुपारी कांड से जुड़े संपर्कों की भी जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page