Uttarakhand: शादी से इनकार पर कोतवाली गेट बना रणक्षेत्र, प्रेमिका ने युवक पर बरसाईं चप्पलें, पुलिस ने कराया बचाव

खबर शेयर करें

बाजपुर (उधमसिंह नगर)। वर्षों पुराने प्रेम संबंध का अंत शनिवार को बाजपुर कोतवाली गेट पर हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया। शादी से इनकार करने से नाराज एक युवती ने कोतवाली पहुंचे युवक पर अचानक चप्पलों से हमला बोल दिया। देखते ही देखते कोतवाली गेट पर अफरा-तफरी मच गई और तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर युवक को युवती के चंगुल से छुड़ाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी बरेली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का प्रेम प्रसंग बाजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से कई वर्षों से चल रहा था। युवक रिश्ते में युवती की बहन का देवर बताया जा रहा है। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की बातचीत भी हुई थी और रिश्ता लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन बाद में युवक ने विवाह करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद गहरा गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर अग्निवीर प्रशिक्षण का रोडमैप तैयार, युवाओं को मिलेगा निःशुल्क मार्गदर्शन

बताया जा रहा है कि शादी से इनकार के बाद युवती पहले युवक के घर भी पहुंची थी। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों को समझौते के लिए बाजपुर कोतवाली बुलाया गया। शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दोनों पक्ष अपने-अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें 👉  कोटाबाग की हिमानी गर्जोला को राष्ट्रपति अवार्ड

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही युवती की नजर युवक पर पड़ी, वह अपना आपा खो बैठी। उसने युवक को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी और देखते ही देखते पैर से चप्पल निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगी। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन युवती लगातार उस पर चप्पलें बरसाती रही।

कोतवाली परिसर में अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी और फरियादी भी हैरान रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और युवक को युवती से अलग कराया। इसके बाद कोतवाली गेट पर जुटी भीड़ को भी हटाया गया, जिससे स्थिति सामान्य हो सकी।

यह भी पढ़ें 👉  IMA: पहली बार 9 महिला सैन्य अफसरों ने पार किया ‘अंतिम पग’, राष्ट्रपति मुर्मू की मौजूदगी में 515 कैडेट बने अधिकारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों से पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है। फिलहाल युवती अपने परिजनों के साथ कोतवाली से चली गई, जबकि युवक से पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page