Uttarakhand: मेधावी छात्रों को राहत…छात्रवृत्ति परीक्षा आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 23 मई तक करें आवेदन

खबर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब छात्र-छात्राएं 23 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

इस संबंध में अपर निदेशक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद पदमेंद्र सकलानी ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे पहले परिषद की ओर से आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई थी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: धामी सरकार की सख्ती...यूपीसीएल में एसी, गाड़ियों और यात्राओं पर लगाम, ऊर्जा बचत के लिए 23 नए नियम लागू

जानकारी के अनुसार छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए कुल 1,25,519 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, लेकिन इनमें से केवल 80,670 विद्यार्थियों ने ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी की। यह कुल पंजीकृत विद्यार्थियों का लगभग 64.27 प्रतिशत ही रहा।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: चरस तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 369 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कई जिलों और विकासखंडों से आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की गई थी। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आवेदन लंबित रहने और स्थानीय स्तर पर मिले अनुरोधों को देखते हुए परिषद ने अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया।

परिषद ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित रहेगा और मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा 7 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नवजातों को सांस देने की तकनीक सिखाने हल्द्वानी में जुटे विशेषज्ञ, 2030 तक मृत्यु दर घटाने का लक्ष्य

शिक्षा विभाग ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page