Uttarakhand: नैनीताल जिले में भारी बारिश का अलर्ट…5 सितंबर को सभी स्कूल बंद, आंगनबाड़ी केंद्रों में भी छुट्टी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। मौसम विभाग की ओर से जारी भारी से बहुत भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिले में शनिवार, 5 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़ें 👉  ट्रंप का सख्त रुख: कनाडा और क्यूबा से जुड़े व्यापारिक मामलों में टैरिफ की धमकी

प्रशासन ने बताया कि लगातार तेज बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलप्रवाह बढ़ने की संभावना है। वहीं संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक दिन के लिए शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार 5 सितंबर को जिले के सभी सामान्य शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल विद्यार्थियों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि खराब मौसम के दौरान विद्यालयों तक आने-जाने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को भी ध्यान में रखकर लिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली के नेचर बाजार में भीषण आग, 40 दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

हालांकि, आदेश में नैनीताल शहर क्षेत्र के आवासीय शैक्षणिक संस्थानों को छूट दी गई है। ऐसे विद्यालय जहां छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई के साथ आवासीय सुविधाएं भी उसी परिसर में उपलब्ध हैं, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा। इन संस्थानों में रहने वाले विद्यार्थियों की व्यवस्था को देखते हुए उन्हें सामान्य विद्यालयों से अलग रखा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में 40 सोलर प्रोजेक्ट रद्द, अब नई नीति के तहत होगा आवंटन

प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का जिले के सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि किसी संस्था की ओर से आदेश का उल्लंघन किया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रशासन ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page