Uttarakhand: केदारनाथ धाम में अराजकता…सरकारी संपत्ति को नुकसान…अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें

रुद्रप्रयाग/केदारनाथ। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं के बीच अराजक तत्वों द्वारा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर उत्तराखंड पुलिस की कोतवाली सोनप्रयाग ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। तहरीर में बताया गया कि केदारनाथ सेक्टर, हेलीपैड और घोड़ापड़ाव क्षेत्र में स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जमकर तोड़फोड़ की गई।

यह भी पढ़ें 👉  नेशनल हेराल्ड केस में गांधी परिवार को बड़ी राहत, ED की चार्जशीट पर संज्ञान से कोर्ट का इनकार

बताया गया है कि केदारनाथ धाम के हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास और बेस कैंप क्षेत्र में कम से कम पांच शौचालयों के दरवाजे क्षतिग्रस्त किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में लगे नल और सिस्टन भी तोड़ दिए गए, जिससे यात्रियों के लिए बनाई गई सुविधाएं प्रभावित हुई हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: बागेश्वर में भूकंप के दो झटके...कुछ देर दहशत, नुकसान की कोई सूचना नहीं

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: गुंडा एक्ट पर डीएम का बड़ा फैसला...छह मामलों में कार्रवाई निरस्त, दो आरोपी छह माह के लिए जिला बदर

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि यात्रा सुचारु और सुरक्षित बनी रहे।

You cannot copy content of this page