‘निरोगी तन, निर्मल मन और जागृत आत्मा’ के संदेश के साथ मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन द्वारा देशभर में व्यापक स्तर पर योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद और मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य लोगों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है।

इसी क्रम में संत निरंकारी मिशन शाखा हल्द्वानी और आयुष योग एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रातः 6 बजे से 7:45 बजे तक जगदंबा नगर स्थित श्री श्री गणपति बैंक्वेट हॉल में होगा। कार्यक्रम में योगाचार्या पाला मेहता के निर्देशन में योगाभ्यास कराया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘वन वर्ल्ड, वन हेल्थ’ और ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रखी गई है, जिसके अनुरूप लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: बीच रास्ते में खराब हुई रोडवेज बस, दो घंटे इंतजार के बाद भी नहीं मिला आराम, पर्यटकों ने जताई नाराजगी

संत निरंकारी मिशन का मानना है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सार्थक बनाने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ इसी भावना को व्यक्त करता है। उनके अनुसार वास्तविक सुख और समृद्धि केवल स्वस्थ शरीर से नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जागरूकता से प्राप्त होती है।

मिशन के अनुसार मानव शरीर परमात्मा की अनमोल देन है और इसकी देखभाल प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। योग व्यक्ति को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाता है, बल्कि उसे अपने सामाजिक, आध्यात्मिक और मानवीय दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाने की शक्ति भी प्रदान करता है। यही कारण है कि संत निरंकारी मिशन योग को आत्मबोध, आंतरिक शांति, मानव एकता और विश्वबंधुत्व का माध्यम मानता है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 26 दिसम्बर 2025

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को देशभर में मिशन के 1500 से अधिक केंद्रों पर एक साथ योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न शहरों और राज्यों में स्थानीय योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खुले मैदानों, पार्कों और सभागारों में होने वाले इन कार्यक्रमों में श्रद्धालु, सेवादल स्वयंसेवक तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि वर्ष 2015 से फाउंडेशन द्वारा योग दिवस का राष्ट्रव्यापी अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि योग भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और आत्मा को जागृत करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास तनाव, चिंता और आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी अनेक समस्याओं को दूर करने में सहायक सिद्ध होता है।

यह भी पढ़ें 👉  बेतालघाट गोलीकांड: एसएसपी ने 16 सदस्यीय गैंग पर कसा शिकंजा, गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोगों के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में योग व्यक्ति को शारीरिक ऊर्जा, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक संतोष प्रदान कर जीवन को अधिक सकारात्मक और आनंदमय बनाता है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page