रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: प्रेम संबंध छिपाने के लिए 6 साल के बेटे की हत्या, मां भी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने रिश्तों, ममता और इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में छह वर्षीय मासूम अंगदवीर की अपहरण के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी मां गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों का राज खुलने के डर से मां और उसके प्रेमी ने मिलकर मासूम को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी अर्पित पाराशर, जो एचडीएफसी बैंक में एरिया मैनेजर है, पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब डिजिटल साक्ष्यों, व्हाट्सएप चैट और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि मां इस पूरे षड्यंत्र में शामिल थी और उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।

जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक हत्या के महज दस मिनट बाद अर्पित पाराशर ने गुरप्रीत को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर लिखा कि “काम हो गया है”। इसके जवाब में गुरप्रीत ने पूछा कि “किसी ने देखा तो नहीं?” बाद में जब पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिलने की जानकारी सामने आई तो उसने अर्पित को संदेश भेजा कि पुलिस के हाथ फुटेज लग गई है, अब नहीं बचोगे और कॉल मत करना।

यह भी पढ़ें 👉  कुवैत के पावर प्लांट पर ईरान का बड़ा हमला, एक भारतीय की मौत, लेबनान में भी शांति सैनिक हताहत

पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने अपनी व्हाट्सएप चैट डिलीट कर दी थी, लेकिन साइबर तकनीक की मदद से चैट रिकवर कर ली गई। इन्हीं चैट्स ने पूरे मामले में गुरप्रीत की भूमिका को उजागर कर दिया।

सीओ मवाना पंकज लवानिया के अनुसार मंगलवार को गुरप्रीत ने व्हाट्सएप कॉल कर अर्पित को अपने घर के पास बुलाया था। अर्पित कार लेकर पहुंचा तो गुरप्रीत अपने बेटे अंगदवीर को लेकर घर से बाहर आई। घर से करीब सौ मीटर दूर खड़ी कार की ओर इशारा करते हुए उसने बेटे से कहा कि कार में अंकल बैठे हैं, उनके साथ जाओ, वे तुम्हें घड़ी और चॉकलेट दिलाकर लाएंगे। मासूम मां की बात मानकर कार में बैठ गया और यही उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

बच्चे को आरोपी के साथ भेजने के बाद गुरप्रीत अपने मायके नजीबाबाद चली गई। इधर अर्पित मासूम को कार में लेकर चला गया और बाद में उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा: ऑल्टो-स्कॉर्पियो की भिड़ंत में तीन की मौत, दो गंभीर घायल

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रविवार की रात अर्पित गुरप्रीत से मिलने उसके घर पहुंचा था। उसी दौरान अंगदवीर की नींद खुल गई और उसने अपनी मां को अर्पित के साथ देख लिया। यहीं से दोनों को डर सताने लगा कि बच्चा कहीं यह बात अपने पिता और दादी को न बता दे।

जांच अधिकारियों के मुताबिक इसी घटना के बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत हुई और मासूम को रास्ते से हटाने की साजिश तैयार की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गुरप्रीत अपने पति गुरसेवक से अलग होना चाहती थी और तलाक लेने की योजना बना रही थी। उसे लगता था कि बेटे अंगदवीर के कारण पति तलाक देने के लिए तैयार नहीं होगा। पुलिस का मानना है कि यह भी हत्या की साजिश का एक कारण बना।

मामले का खुलासा तब हुआ जब अंगदवीर की दादी बलजिंदर कौर ने बहसूमा थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली, जिसमें अर्पित मासूम को कार में बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  ओवरटेक के दौरान पलटी प्राइवेट बस...25 यात्री घायल, गंगा स्नान को जा रहे थे श्रद्धालु

पुलिस ने मंगलवार देर रात अर्पित को हिरासत में लिया, लेकिन उसने करीब आठ घंटे तक जांच टीम को गुमराह किया। पहले उसने दावा किया कि बच्चे को नहर में फेंक दिया गया है, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घंटों तक नहर में तलाश करती रही। बाद में उसने सच उगलते हुए बताया कि उसने हस्तिनापुर क्षेत्र में भद्रकाली मंदिर के पास बच्चे की हत्या कर शव फेंका था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया।

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि व्हाट्सएप चैट, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गुरप्रीत कौर की गिरफ्तारी की गई है। जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि मासूम अंगदवीर ने अपनी मां और अर्पित को साथ देख लिया था, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस मां ने बेटे को जन्म दिया, उसी पर उसके अपहरण और हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप साबित होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page