Haldwani: ऑपरेशन प्रहार के तहत झपटमार गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार, दो किशोर संरक्षण में

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झपटमार गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत के छह मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त केटीएम बाइक बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बनभूलपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाल ही में हुई मोबाइल झपटमारी की घटनाओं का खुलासा किया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: भ्रष्टाचार पर बड़ा वार, फारेस्टर 25,500 की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाल मस्जिद क्षेत्र निवासी जुबैर आलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 अप्रैल की रात वह कैंचीधाम से सवारी छोड़कर रेलवे स्टेशन हल्द्वानी पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन तिराहे पर काले रंग की केटीएम बाइक सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।

इसके अलावा एक दिन पूर्व रोडवेज क्षेत्र में भी इसी तरह की मोबाइल झपटमारी की घटना सामने आई थी। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  स्वतंत्रता दिवस पर BSNL का धमाकेदार 'फ्रीडम ऑफर', सिर्फ ₹1 में 30 दिन तक 4G डेटा, कॉलिंग और SMS फ्री!

पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कत्याल व क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साक्ष्यों के आधार पर 4 अप्रैल को गौला पार्किंग के पास से आरोपी फैजान अली (19 वर्ष), निवासी गौला गेट जवाहर नगर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को संरक्षण में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न स्थानों—रोडवेज, केएमयू स्टेशन, बेस अस्पताल, प्रेम टाकीज और राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग—से मोबाइल झपटने की कई वारदातें कबूल कीं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सीएम धामी ने आवासीय परिसर में फहराया तिरंगा, संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक केटीएम ड्यूक बाइक (UK04 AR 6839) तथा सैमसंग, रेडमी, ओप्पो, पोको, वनप्लस और मोटोरोला कंपनियों के कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी ने पुलिस टीम को 1500 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, अपर उपनिरीक्षक हेमंत प्रसाद, कांस्टेबल हरीश रावत और दिलशाद अहमद शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page