दर्दनाक हादसा: चलती कार बनी आग का गोला, 5 जिंदा जले, ड्राइवर 80% झुलसा

खबर शेयर करें

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलती कार में अचानक आग लगने से पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 के नजदीक रात करीब 1 बजे हुई। पुलिस के अनुसार कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन आग का गोला बन गया।

यह भी पढ़ें 👉  हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर बवाल, गुरुद्वारे में जुटी भीड़-इंटरनेट बंद, तनाव गहराया

डीएसपी कैलाश जिंदल के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कार में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष सवार थे, जिनकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

वहीं चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह कार से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया। सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। साथ ही नेकीराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दमकल विभाग को बुलाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  ‘अप्रकाशित’ किताब पर सियासी संग्राम, जनरल नरवणे मामले में राहुल गांधी का बड़ा सवाल

घायल चालक को पहले पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में अलवर के जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान की पुष्टि और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  पंजाब में ISI के लिए जासूसी कर रहा गगनदीप गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की संवेदनशील जानकारी भेजी पाकिस्तान

प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर वाहन सुरक्षा और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page