नई दिल्ली: राजधानी द्वारका के सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। यहां एक तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:07 बजे दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि सेक्टर-24 के पास एक तालाब में बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही सेक्टर 23 द्वारका थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। साथ ही अग्निशमन विभाग को भी मौके पर बुलाया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि करीब 8 से 10 वर्ष की आयु के तीन बच्चे तालाब में डूबे हुए थे। दिल्ली अग्निशमन सेवा की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल से बच्चों के कपड़े तालाब के किनारे मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतरे थे और गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभी तक किसी भी बच्चे के लापता होने की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने गोल्फ कोर्स क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि तालाब के आसपास न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। वहीं प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है कि ऐसे संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

