Nainital: न्यू पालिका बाजार में तड़के भीषण आग, फास्ट फूड की दुकान जलकर राख, सिलेंडर धमाके से दहशत

खबर शेयर करें

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के मल्लीताल स्थित न्यू पालिका बाजार शुक्रवार तड़के एक बड़े हादसे का गवाह बनने से बाल-बाल बच गया। सुबह करीब पांच बजे एक फास्ट फूड की दुकान में लगी आग कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर गई। आग के बीच गैस सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते दुकान में सो रहे कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब पांच बजे दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। उस समय दुकान के अंदर कर्मचारी सो रहे थे। धुआं देखकर घबराए कर्मचारियों ने पीछे की खिड़की से तिब्बती बाजार की ओर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई। कर्मचारियों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद दुकान में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग ने और भी भयावह रूप ले लिया।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका 2 अप्रैल से लागू करेगा व्यापक टैरिफ, ट्रंप ने इसे बताया ‘मुक्ति दिवस’

आग की लपटें तेजी से आसपास की दुकानों की ओर बढ़ने लगीं, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फास्ट फूड की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: कुमाऊं आयुक्त ने बिना लाइट वाले ई-रिक्शाओं पर की सख्त कार्रवाई, पांच चालकों के चालान

आग बुझाने के दौरान दुकान का कर्मचारी साहिल घायल हो गया। उसे तत्काल बी.डी. पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि न्यू पालिका बाजार में दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई हैं और कई दुकानों में गैस सिलेंडर तथा अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी रहती है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूरा बाजार इसकी चपेट में आ सकता था और भारी आर्थिक नुकसान के साथ जनहानि भी हो सकती थी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सेना भर्ती...27 जुलाई से केआरसी में शुरू होगी मेगा रैली, अग्निवीर समेत कई पदों पर मिलेगा मौका

घटना के बाद बाजार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बाजार में नियमित विद्युत जांच, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

अग्निशमन विभाग के एफएसओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page