ओवरटेक के दौरान पलटी प्राइवेट बस…25 यात्री घायल, गंगा स्नान को जा रहे थे श्रद्धालु

खबर शेयर करें

फर्रुखाबाद/शाहजहांपुर: बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस शुक्रवार को शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। गांव रघुनाथपुर के पास ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिससे 25 यात्री घायल हो गए। इनमें 11 को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का मौके पर ही उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार हरदोई जिले के हरपालपुर से सुबह करीब 60 यात्री बस में सवार होकर फर्रुखाबाद के पांचाल घाट गंगा स्नान के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था और यात्रियों के बार-बार सावधानी बरतने के आग्रह के बावजूद उसने गति कम नहीं की। रघुनाथपुर के पास आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बस असंतुलित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली की फिजा फिर जहरीली: हवा की रफ्तार थमी, AQI 350 पार, कई इलाकों में ‘बेहद खराब’ हालात

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 11 लोगों को भर्ती किया गया है। नौ की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए भर्ती रखा गया, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: टिहरी गढ़वाल में भीषण हादसा...300 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, 8 की मौके पर मौत, 2 घायल

घटना की सूचना मिलते ही एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय और सीओ अभय वर्मा लोहिया अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

घायलों में हरदोई जिले के पांडेयपुरवा निवासी राधिका (45), नन्हीं देवी (60), सलउद्दीपुर के विश्व प्रताप सिंह (31), मिरगवां की उमाकांती (55), माहरेपुर की गुड्डी (55), रामदेवी (65), अनुष्का (8), नंदबाग के रामलड़ैते (47), जदुवीर सिंह (60), रामपुर मानपुर के रंजीत सिंह और अमरेखा के राजू (30) शामिल हैं।

सिपाही पर गहने और नकदी हड़पने का आरोप
हादसे के बाद एक घायल के परिजन ने पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मिरगवां निवासी घायल उमाकांती के पुत्र राहुल का आरोप है कि हादसे के दौरान उनकी मां के कुंडल और छह हजार रुपये गिर गए थे, जिन्हें एक सिपाही ने उठा लिया। राहुल के अनुसार सिपाही ने पहले इलाज कराने की बात कहकर बाद में थाने से सामान लेने को कहा, लेकिन जब वह सामान लेने पहुंचा तो सिपाही ने लेने से ही इनकार कर दिया। इसको लेकर पीड़ित परिवार में नाराजगी है और व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

You cannot copy content of this page