Haldwani: पुलिस की बड़ी कार्रवाई…1.85 करोड़ की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और उत्तराखंड पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस ने वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसओजी नैनीताल और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dr. Manjunath TC के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 जून को काठगोदाम क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और राजस्थान नंबर की एक कार बरामद हुई।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 29 अप्रैल 2025

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी सगे भाइयों गजब सिंह (27 वर्ष) और सीताराम (37 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गजब सिंह के पास से 311 ग्राम और सीताराम के पास से 307 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: टीपीनगर पुलिस की नाक के नीचे ट्रांसपोर्ट नगर बना ‘अवैध शराब और जुए का अड्डा’! ढाबों की आड़ में चल रहा धंधा, पुलिस मौन

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राजस्थान से स्मैक की खेप लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे। उनकी योजना काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में किसी व्यक्ति को यह खेप सौंपने की थी, जिसके बाद वे मुक्तेश्वर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जाने वाले थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और सप्लाई चेन की भी गहन जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: अक्षय तृतीया पर खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट, यात्रा की तैयारियां पूरी

इस बड़ी सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page