प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा: दीवार ढहने से 9 मजदूरों की मौत, अमोनिया गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी

खबर शेयर करें

प्रयागराज: प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज की दीवार अचानक ढह गई। हादसे में अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय अंदर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कोल्ड स्टोरेज चांदपुर के एक पूर्व विधायक से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से ठीक पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद दीवार भरभराकर गिर गई।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिकी हमलों की आशंका के बीच ईरान-रूस का संयुक्त युद्धाभ्यास, मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव

हादसे के पीछे अमोनिया गैस पाइप फटने की आशंका जताई जा रही है। पाइप फटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। जहरीली गैस फैलने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य के दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने एंबुलेंस पर पथराव कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  आईपीएल 2025 का शेड्यूल जारी, 22 मार्च से होगा आगाज

सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार और जिलाधिकारी मनीष वर्मा मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है।

NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। घायलों को स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय मजदूर लंच के बाद आराम कर रहे थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

यह भी पढ़ें 👉  कहर बनकर टूटी आंधी-बारिश: 96 की मौत, कई जिलों में तबाही-बिजली, यातायात और रेल सेवाएं ठप

अमोनिया गैस के रिसाव के कारण राहत कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर खुद को गैस के प्रभाव से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल मलबे में फंसे अन्य मजदूरों को निकालने के लिए अभियान जारी है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page