थाने में बेटी की हत्या: प्रेमी के साथ रहने की जिद पर पिता ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

खबर शेयर करें

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। प्रेमी के साथ घर से गई युवती की बरामदगी के बाद थाने में चल रही पूछताछ के दौरान उसके पिता ने ही चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

मामला बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा-बी गांव का है। यहां की रहने वाली 19 वर्षीय शिवानी 18 मई की रात अपने प्रेमी ललित के साथ घर से चली गई थी। बेटी के लापता होने पर उसकी मां ने पड़ोसी गांव के युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: DM रयाल ने की विकास कार्यों की मैराथन समीक्षा, 10 मार्च तक शत-प्रतिशत बजट खर्च करने के निर्देश

शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों को मध्य प्रदेश के सतना जिले के बरौंधा क्षेत्र से बरामद कर लिया और पूछताछ के लिए बदौसा थाने ले आई। मामले की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के परिजनों को भी थाने बुलाया गया।

थाने में पूछताछ के दौरान परिजनों को पता चला कि युवती ने अपने प्रेमी से विवाह कर लिया है। बताया जा रहा है कि इसके बाद परिवार के लोगों ने उसे काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन युवती अपने निर्णय पर अड़ी रही और उसने साफ कहा कि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है।

यह भी पढ़ें 👉  चीन में नोरोवायरस का कहर, एक ही स्कूल के 103 छात्र संक्रमित

बेटी की यह बात उसके पिता सत्यकुमार को नागवार गुजरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक गुस्से में आए पिता ने चाकू निकाल लिया और युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने बेटी के पेट में तीन और हाथ पर एक वार किया। थाने परिसर में हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई।

पुलिसकर्मियों ने तत्काल आरोपी को काबू में लिया और घायल युवती को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि मेडिकल कॉलेज पहुंचने के कुछ समय बाद ही युवती ने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  तरबूज खाने के बाद बिगड़ी परिवार की तबीयत, युवती की मौत से गांव में सनसनी

दिनदहाड़े थाने में हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद युवती की मां रन्नो चौहान की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पिता सत्यकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page