लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह एक स्कूल परिसर में हुई सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के तुरंत बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान स्कूल में बच्चे मौजूद थे, जिसके चलते परिसर में दहशत फैल गई और कई बच्चे सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्कूल के बाहर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
पहली मंजिल पर क्लासरूम के बाहर मारी गोली
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी स्कूल परिसर में पहुंचा था। वह स्कूल की पहली मंजिल पर गया, जहां क्लासरूम के बाहर उसकी शिक्षिका निशात फातिमा से कहासुनी हुई।
बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान युवक ने तमंचे से शिक्षिका को गोली मार दी। इसके बाद उसने अपनी कनपटी पर गोली चला ली। गोली चलने की आवाज से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दोनों की मौत हो चुकी थी।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने का पुलिस को शक
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं, जबकि आरोपी सऊद अंसारी नौरंगाबाद का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों के मोहल्ले आसपास हैं। इसी आधार पर पुलिस दोनों के बीच संबंध और घटना से पहले हुए विवाद की जानकारी जुटा रही है।
एसपी ने बताया- पहले शिक्षिका को मारी गोली, फिर खुद को
पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने बताया कि युवक स्कूल परिसर में आया था और पहली मंजिल पर पहुंचा। वहां क्लासरूम के बाहर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद युवक ने शिक्षिका को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बच्चों को भेजा गया घर
घटना के बाद स्कूल में मौजूद बच्चों और स्टाफ में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने स्कूल परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। स्टाफ से पूछताछ की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए घटना के बाद स्कूल में मौजूद सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया गया।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब वारदात से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत, विवाद की वजह और आरोपी के स्कूल पहुंचने के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
