Nainital: समाजसेवी हेमंत गौनिया के नेतृत्व में बदली ओखल डूंगा  विद्यालय की तस्वीर, ₹1.14 लाख से अधिक की सामग्री और पेयजल व्यवस्था की सौगात

खबर शेयर करें

भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल विकासखंड स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ओखल डूंगा में जनसहयोग का ऐसा उदाहरण देखने को मिला है, जिसने यह साबित कर दिया कि यदि समाज साथ आए तो सरकारी संस्थानों की तस्वीर भी बदली जा सकती है। समाजसेवी हेमंत गौनिया के नेतृत्व में सहयोगियों ने बिना किसी सरकारी सहायता और बिना किसी एनजीओ के सहयोग से विद्यालय को पहले लगभग ₹1.02 लाख से अधिक की शैक्षिक एवं उपयोगी सामग्री भेंट की और अब विद्यालय की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान भी कर दिया।

इन दोनों जनहित कार्यों की कुल लागत करीब ₹1.14 लाख से अधिक रही, जिसका पूरा खर्च समाजसेवियों ने आपसी जनसहयोग से वहन किया। विद्यालय परिवार ने समाजसेवियों के इस योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रतन सिंह खप्पा तथा पूर्व प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज की ऐसी सहभागिता प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा।

यह भी पढ़ें 👉  ऋषिकेश: गंगा में डूबा हरियाणा का युवक, SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

विद्यालय को भेंट की गई सामग्री में 15 कुर्सियां, 15 मेज, डिजिटल साउंड सिस्टम, लाउडस्पीकर, कॉर्डलेस माइक, ड्रिल मशीन, बैटरी चार्जर, छह सीलिंग फैन, पर्दे एवं उनके रॉड, दो दीवार घड़ियां, पांच डस्टबिन, गैस चूल्हा, दो गैस सिलेंडर, रेगुलेटर सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल रही। इन सामग्रियों का मूल्य ₹1.02 लाख से अधिक बताया गया है।

इसके साथ ही समाजसेवियों ने विद्यालय की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का भी स्थायी समाधान किया। लगभग 150 से 200 मीटर लंबी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की खुदाई कर उसे भूमिगत किया गया, नई पाइपलाइन बिछाई गई, टूटे पाइप बदले गए तथा खराब पड़े टुल्लू पंप की मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था को फिर से सुचारु बनाया गया।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: बीईओ दो दिन से नदारद...सीडीओ ने वेतन रोका, कार्रवाई की संस्तुति

विद्यालय में 10 नए नल लगाए गए तथा यू-जिल, एल्बो, टी, सॉकेट, निप्पल, वाल्व, क्लैंप और अन्य फिटिंग सामग्री बदलकर पूरी जल व्यवस्था को मजबूत बनाया गया। इस कार्य पर लगभग ₹12,500 की लागत आई, जिसे भी समाजसेवियों ने स्वयं वहन किया।

यह पहला अवसर नहीं है जब इन समाजसेवियों ने विद्यालय की मदद की हो। इससे पहले भी हेमंत गौनिया और उनके साथियों ने बिष्ट परिवार, नैनीताल के सहयोग से लगभग ₹25 हजार की लागत से विद्यालय में 1000-1000 लीटर की दो पानी की टंकियां, एक टुल्लू पंप तथा नल फिटिंग का कार्य निशुल्क कराया था। लगातार किए गए इन प्रयासों से विद्यालय की पेयजल व्यवस्था अब पूरी तरह सुदृढ़ हो चुकी है।

इस अभियान में समाजसेवी हेमंत गौनिया, हेम कपिल, वंश गौनिया, चिराग बोरा, अमित रस्तोगी, रेंजर नवल किशोर कपिल, संतोष ब्लूटिया, बी.डी. छिमवाल, राजेश रावत, दिग्विजय सिंह देव, मुकुल शर्मा, मनोज कांडपाल, अशोक कटारिया, रवि शर्मा, रवि मेहरा, मयंक शर्मा, अजय सिसोदिया सहित अनेक समाजसेवियों और दानदाताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आनंद बर्द्धन बने प्रदेश के नए मुख्य सचिव, बोले- विकास योजनाओं पर रहेगा जोर

विद्यालय के शिक्षकों कपिल कुमार तिलारा, ललित मोहन तिवारी, दीप्ति दीगारी, नीलम पांडे, नीरज देव तुल्य, भरत बुधनी सहित विद्यालय परिवार ने समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि बिना किसी सरकारी सहायता के इस प्रकार का कार्य पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

समाजसेवी हेमंत गौनिया ने कहा कि उनकी टीम किसी सरकारी अनुदान या एनजीओ के सहयोग से नहीं चलती। समाज के लोगों के छोटे-छोटे सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के विद्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार जनहित के कार्य जारी रहेंगे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page