हल्द्वानी: महिला अस्पताल की सुध लेने पहुंचे सांसद अजय भट्ट, कार्यदायी संस्था को लगाई फटकार

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। महिला चिकित्सालय हल्द्वानी में लंबे समय से अधूरे पड़े नवनिर्माण कार्य को लेकर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई तथा निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि महिला चिकित्सालय में छह प्राइवेट वार्ड व 48 जनरल वार्डों वाले भवन के निर्माण के लिए पूर्व में 13.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी। भवन में पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण बेसमेंट में पार्किंग हेतु तीन करोड़ रुपये का संशोधित प्रस्ताव तैयार किया गया था, किंतु धनराशि निर्गत न होने के कारण कार्य में विलंब हो रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  टैक्स बढ़ते ही तेज हुआ कालाबाजारी का खेल, हल्द्वानी में रात के अंधेरे में उतर रहा गुटखा-पान मसाला

मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद भट्ट ने सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार से दूरभाष पर वार्ता कर शेष धनराशि शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। सचिव ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही धनराशि आवंटित कर दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि भवन में प्रयुक्त समस्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए और मानकों के अनुरूप ही सामग्री का प्रयोग हो।

यह भी पढ़ें 👉  देवप्रयाग में बस-टैक्सी की भीषण भिड़ंत, छह यात्री घायल

इस अवसर पर सांसद ने चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ के साथ बैठक कर अस्पताल में व्याप्त समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ऊषा जंगपांगी ने अवगत कराया कि एसएनसीयू एवं एचडीयू वार्ड में मात्र तीन मेडिकल स्टाफ कार्यरत हैं, जबकि दस की आवश्यकता है। स्टाफ की कमी के कारण नवजातों को सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर करना पड़ता है।

यह भी पढ़ें 👉  AI की रेस में छंटनी का दौर: Meta Platforms और Microsoft में हजारों नौकरियों पर खतरा

इस पर भी सांसद ने तत्काल सचिव से वार्ता कर आवश्यक मेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए। सचिव ने जानकारी दी कि इंटरव्यू की प्रक्रिया प्रगति पर है और शीघ्र ही नियुक्तियां की जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, राहुल झिंगरन, पान सिंह मनराल, गुंजन तिवारी, कमलेश जोशी, शांति भट्ट, मधुकर क्षोत्रिय, रंजन बर्गली, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page