अगरबत्ती बनी मौत का कारण: कबाड़ स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, जिंदा जल गया युवक

खबर शेयर करें

Jabalpur। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सड़क किनारे खड़ी एक पुरानी Mahindra Scorpio कार में अचानक भीषण आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। आग इतनी तेज थी कि कार के अंदर फंसे युवक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल पाया। घटना को देखकर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

यह हादसा जबलपुर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर Sihora थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में हुआ। बताया जा रहा है कि मच्छरों से बचने के लिए जलाई गई अगरबत्ती की छोटी सी चिंगारी ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: लालकुआं नगर पंचायत में गड़बड़ियों की होगी जांच...DM ने दिए आदेश

कबाड़ कार ही बन गई थी युवक की दुनिया

स्थानीय लोगों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और पिछले 10 से 15 वर्षों से इसी पुरानी और लावारिस हालत में खड़ी स्कॉर्पियो कार को ही अपना आशियाना बनाए हुए था।

लोगों के मुताबिक वह दिन भर आसपास के इलाकों से कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, कागज और पन्नियां इकट्ठा कर लाता था और उन्हें कार के अंदर जमा कर देता था। यही कचरा बाद में उसके लिए जानलेवा साबित हुआ।

बताया जा रहा है कि रात के समय मच्छरों से बचने के लिए वह कार के अंदर अगरबत्ती जलाकर सो जाता था। आशंका है कि उसी अगरबत्ती की चिंगारी कार में भरे ज्वलनशील कचरे पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम, कड़ाके की ठंड के बीच तेज हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

सुबह उठीं लपटें, इलाके में मची अफरा-तफरी

शनिवार सुबह करीब छह बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने कार से उठता धुआं और तेज लपटें देखीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार पूरी तरह जलने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार के अंदर से किसी के चीखने-चिल्लाने की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई पास जाकर मदद नहीं कर सका।

झोपड़ी और दुकान भी आग की चपेट में

कार के अंदर भारी मात्रा में प्लास्टिक, कागज और अन्य ज्वलनशील कचरा भरा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग ने पास में बनी एक झोपड़ी और एक छोटी दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें 👉  मिडिल ईस्ट जंग में ‘ड्रैगन एंगल’! अमेरिकी रिपोर्ट से खुलासा-चीन दे रहा ईरान को हथियार और खुफिया मदद

दमकल ने पाया काबू, पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी और अंदर मौजूद युवक की मौत हो गई थी।

Sihora Police Station प्रभारी Pratiksha Marko ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से लगी आग का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page