Uttarakhand: पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में निर्दलीय का कब्जा, नारायण लाल बने पहले अध्यक्ष

खबर शेयर करें

चंपावत। नवगठित नगर पंचायत पाटी के पहले ही चुनाव में मतदाताओं ने राजनीतिक दलों से इतर एक निर्दलीय प्रत्याशी पर भरोसा जताया है। निर्दलीय उम्मीदवार नारायण लाल ने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 224 मतों के अंतर से पराजित कर नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया।

निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार नारायण लाल को 738 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 वोट मिले। चुनाव में 39 मत अवैध पाए गए, जबकि 18 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Budget Session: सदन में पेश हुआ ‘देवभूमि परिवार विधेयक-2026’, परिवार आधारित एकीकृत डेटाबेस बनेगा

नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नौ जून को हुए मतदान में कुल 2067 मतदाताओं में से 1612 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर दिनभर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ रही और लोगों ने बढ़-चढ़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।

परिणाम सामने आते ही नारायण लाल के समर्थकों ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने इसे जनता के विश्वास की जीत बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत बनने के बाद हुए इस पहले चुनाव से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है।

यह भी पढ़ें 👉  सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गंगा घाट खचाखच भरे

अध्यक्ष पद के साथ-साथ विभिन्न वार्डों में सभासद पदों के परिणाम भी घोषित किए गए। न्यू कॉलोनी वार्ड से नवल पचौली 183 मत प्राप्त कर विजयी रहे। जौलाड़ी वार्ड से बबलू सिंह ने 151 मतों के साथ जीत दर्ज की। रानीचौड़ वार्ड में शांति देवी को 166 मत मिले, जबकि पूनाकोट वार्ड से संगीता 145 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं।

यह भी पढ़ें 👉  अनुपमा गुलाटी हत्याकांड: हाईकोर्ट ने पति राजेश गुलाटी की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी

पाटी को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद यह पहला चुनाव था, इसलिए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। अब नव निर्वाचित अध्यक्ष और सभासदों के सामने नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, पेयजल और सड़क जैसी समस्याओं के समाधान सहित विकास कार्यों को गति देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। जनता को उम्मीद है कि नया नेतृत्व उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए पाटी के सुनियोजित विकास की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page