मस्कट। ओमान के तट के निकट गुरुवार को भारतीय चालक दल वाले एक तेल टैंकर के इंजन रूम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 20 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। ओमान की रॉयल नेवी और स्थानीय समुद्री एजेंसियों की मदद से चालक दल को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एमटी जलवीर (MT Jalveer) नामक टैंकर के इंजन कक्ष में अचानक आग लग गई, जिसके बाद जहाज से धुआं उठता देखा गया। घटना ओमान के तट के पास हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही समुद्री सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूत्रों ने बताया कि जहाज पर मौजूद सभी 20 भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि एहतियात के तौर पर सभी नाविकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस बीच ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने भी मामले पर नजर बनाए रखी है। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि ओमान की रॉयल नेवी के सहयोग से एमटी जलवीर के चालक दल को शिनास बंदरगाह तक सुरक्षित पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है और यह प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
उधर, ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने भी घटना की पुष्टि की है। एजेंसी ने बताया कि उसे ओमान के सोहार बंदरगाह के निकट एक टैंकर के इंजन रूम में आग लगने की सूचना मिली थी। हालांकि शुरुआती जानकारी में जहाज का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया था। एजेंसी के अनुसार मामले की जांच जारी है और क्षेत्र से गुजरने वाले अन्य जहाजों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
समुद्री गतिविधियों पर नजर रखने वाली वेबसाइट के अनुसार एमटी जलवीर गिनी-बिसाऊ के ध्वज के तहत संचालित होने वाला एक टैंकर है। लगभग 120 मीटर लंबा और 16.84 मीटर चौड़ा यह पोत अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर परिचालन में है।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग इंजन रूम तक सीमित रही। वहीं, समुद्री एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि घटना से अब तक किसी प्रकार के पर्यावरणीय नुकसान या तेल रिसाव की सूचना नहीं मिली है।

