भीषण रेल हादसा: आमने-सामने टकराईं दो हाई-स्पीड ट्रेनें, 21 की मौत, 70 से ज्यादा घायल

खबर शेयर करें

मैड्रिड। स्पेन के दक्षिणी हिस्से में स्थित कॉर्डोबा शहर के पास मंगलवार देर रात एक भयावह रेल दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। दो हाई-स्पीड ट्रेनों की आमने-सामने हुई टक्कर में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 30 यात्रियों की हालत गंभीर है और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।

How the tragic accident happened: स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के अनुसार, मलागा से मैड्रिड जा रही हाई-स्पीड ट्रेन, जिसमें कुल 317 यात्री सवार थे, कॉर्डोबा से लगभग 20 किलोमीटर दूर अदामुज इलाके के पास अज्ञात कारणों से पटरी से उतर गई। पटरी से उतरने के बाद यह ट्रेन पास की लाइन पर आ रही दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन से टकरा गई, जो मैड्रिड से हुएल्वा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  अगरबत्ती बनी मौत का कारण: कबाड़ स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, जिंदा जल गया युवक

परिवहन मंत्री ने बताया कि मलागा-मैड्रिड ट्रेन के आखिरी दो डिब्बे सामने से आ रही ट्रेन के पहले दो डिब्बों से सीधे टकरा गए, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री डिब्बों में फंस गए, जिन्हें निकालने में राहत दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट, भव्य डोली यात्रा का होगा आयोजन

घटना की सूचना मिलते ही अंडालूसिया क्षेत्र की आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने भी मानवता की मिसाल पेश करते हुए बचाव कार्य में सहयोग किया और मामूली रूप से घायल यात्रियों को पास के एक केंद्र तक पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत और बचाव अभियान में स्पेन की सैन्य आपातकालीन इकाई को भी तैनात किया गया।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह देश के लिए बेहद पीड़ादायक रात है और सरकार पीड़ितों व उनके परिवारों के साथ खड़ी है। स्पेन के शाही परिवार ने भी इस त्रासदी पर शोक संदेश जारी करते हुए संवेदनाएं प्रकट की हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लगातार दूसरी टी20 सीरीज हारने पर BCCI सख्त, इंग्लैंड दौरे के बाद होगी टीम इंडिया के प्रदर्शन की समीक्षा

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हादसे के कारण प्रभावित रेल मार्गों पर सेवाएं कम से कम मंगलवार तक बंद रहेंगी। रेलवे कंपनी एडिफ ने मैड्रिड के आटोचा स्टेशन, मलागा और हुएल्वा में यात्रियों के परिजनों के लिए सूचना केंद्र स्थापित किए हैं और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

गौरतलब है कि स्पेन में इससे पहले जुलाई 2013 में सबसे बड़ा रेल हादसा हुआ था, जब अत्यधिक रफ्तार के कारण एक ट्रेन के पटरी से उतरने से 79 लोगों की मौत हो गई थी। मौजूदा हादसे ने एक बार फिर देश की रेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page