Uttarakhand: आदि कैलाश से देशभर में गूंजेगा ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का संदेश, 23 राज्यों के 1,100 धावक बनेंगे अभियान के ब्रांड एंबेसडर

खबर शेयर करें

पिथौरागढ़। हिमालय की दुर्गम वादियों में स्थित आदि कैलाश से युवाओं को नशे से दूर रहने और फिटनेस अपनाने का संदेश देशभर में पहुंचाने की पहल की गई है। सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी ने आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का संकल्प दोहराते हुए कहा कि इस अभियान से देश के युवाओं को जोड़कर नशामुक्त भारत की मुहिम को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

इस आयोजन में 23 राज्यों के करीब 1,100 धावकों ने हिस्सा लिया। खास बात यह है कि इन धावकों को नशा मुक्त युवा अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में जोड़कर देशभर में युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की योजना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बिजली महंगी होने की तैयारी, यूपीसीएल ने 12% बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा

माइनस 7 डिग्री में 70 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़

आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 ने प्रतिभागियों के सामने शारीरिक सहनशक्ति और दृढ़ संकल्प की कठिन परीक्षा पेश की। करीब 4,500 मीटर की ऊंचाई पर माइनस 7 डिग्री सेल्सियस तापमान में आयोजित इस चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा मैराथन की दूरी इस बार 60 किलोमीटर से बढ़ाकर 70 किलोमीटर कर दी गई। धावकों ने छियालेख से होते हुए गुंजी तक का सफर तय किया।

उत्तराखंड के पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने मैराथन और अल्ट्रा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हिमालय के कठिन भूभाग और प्रतिकूल मौसम के बीच आयोजित इस दौड़ ने फिटनेस, अनुशासन और नशामुक्ति के संदेश को आयोजन के केंद्र में रखा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे प्रोजेक्ट को केंद्र से मिली मंजूरी

‘युवा देश की सबसे बड़ी ताकत’, नशे से दूर रखना जरूरी: ललित जोशी

सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल, फिटनेस और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए, तो यह विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि आदि कैलाश से शुरू हुआ ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का संदेश देश के हर राज्य और युवा वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य है। अभियान के जरिए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: मेहबूब अली बने उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य, क्षेत्र में खुशी की लहर

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, एसडीएम धारचूला आशीष जोशी, ओहो रेडियो के संस्थापक आर.जे. काव्य, आईटीबीपी के कमांडेंट सुभाष चंद्र यादव सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आदि कैलाश परिक्रमा रन 2.0 के माध्यम से नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश हिमालय की सीमांत धरती से देशभर के युवाओं तक पहुंचाने की पहल की गई है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page