Haldwani: पानी के टैंक में उतरे मां और दो बेटों की दम घुटने से मौत, बचाने गया व्यक्ति भी हुआ बेहोश

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के चोरगलिया थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घर के बीचोंबीच बन रहे निर्माणाधीन पानी के टैंक में जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे निर्माणाधीन पानी के टैंक के भीतर लगी शटरिंग हटाने के लिए सबसे पहले 38 वर्षीय धर्म सिंह बिष्ट टैंक में उतरे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनके छोटे भाई 34 वर्षीय खुशाल सिंह बिष्ट उन्हें देखने नीचे गए, लेकिन वह भी अचेत होकर गिर पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  ईद का चांद नहीं दिखा, अब 21 मार्च को मनाई जाएगी ईद-उल-फितर

दोनों बेटों को बाहर नहीं निकलता देख 59 वर्षीय मां सरस्वती देवी भी उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतर गईं, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गईं।

इसी दौरान बटाई पर खेती करने वाले और सब्जी विक्रेता भोजराज भी तीनों को बचाने के लिए टैंक में उतरे, लेकिन वह भी अचेत हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भोजराज को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 13 अगस्त 2025

घटना के बाद ग्रामीणों ने टैंक की छत का एक हिस्सा तोड़कर भीतर भरी गैस को बाहर निकाला। इसके बाद सरस्वती देवी और दोनों बेटों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतकों के पिता भीम सिंह बिष्ट की भी कुछ समय पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। धर्म सिंह प्लंबर का काम करने के साथ खेती-बाड़ी भी करते थे, जबकि खुशाल सिंह सितारगंज की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। इस हादसे ने पहले से ही संकट झेल रहे परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  जयपुर में प्रदर्शन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को थप्पड़, दो युवक हिरासत में

थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि निर्माणाधीन टैंक के भीतर ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस बनने से दम घुटने के कारण तीनों की मौत हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page