Haldwani: काठगोदाम रोड पर डंडे लहराकर दहशत फैलाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो पर SSP का एक्शन…15 युवक चिन्हित

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। जन्माष्टमी की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर डंडे लहराते हुए कथित तौर पर दहशत और अराजकता फैलाने का वीडियो वायरल होना युवकों को भारी पड़ गया। मामले का SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

SSP के निर्देश के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कुल 15 युवकों को चिन्हित किया। इनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया है।

SSP के निर्देश पर तत्काल शुरू हुई कार्रवाई

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए SSP नैनीताल ने ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी को युवकों और वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: कक्षा में पढ़ाई के दौरान छात्र पर गिरा छत का पंखा, सिर फटा... स्कूल में मची अफरा-तफरी

निर्देश मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने वीडियो की जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों का पता लगाने के साथ युवकों की पहचान और तलाश की। पुलिस टीम की कार्रवाई के बाद कुल 15 युवकों को थाने लाया गया।

8 बालिग युवकों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक चिन्हित 8 बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई और जुर्माना जमा कराया गया। इसके साथ ही वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए बालिग युवक काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देश में नहीं मिलेगा अलग से 'प्योर पेट्रोल', E20 ही रहेगा मानक ईंधन...केंद्र सरकार ने किया साफ

7 नाबालिगों की काउंसलिंग, परिजनों पर भी कार्रवाई

मामले में चिन्हित 7 नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाया गया। पुलिस द्वारा नाबालिगों की काउंसलिंग की जा रही है। साथ ही परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया है। पुलिस ने सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।

डंडे लहराते युवकों का वीडियो हुआ था वायरल

जन्माष्टमी पर्व की रात सामने आए वीडियो में कुछ युवक वाहनों में सवार होकर सड़क पर डंडे लहराते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। सार्वजनिक सड़क पर इस तरह हथियारनुमा वस्तु लहराने और लोगों के बीच भय का माहौल पैदा करने की शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लिया और वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  कश्मीर घाटी में भूकंप से दहशत, सुबह-सुबह धरती हिली

SSP का दो टूक संदेश- अराजकता बर्दाश्त नहीं

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी तरह की गुंडागर्दी, अराजकता या सार्वजनिक स्थान पर भय का माहौल पैदा करने वाले कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

पुलिस की कार्रवाई से साफ संदेश

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से असामाजिक और अराजक गतिविधियों में शामिल लोगों को स्पष्ट संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले कृत्यों पर पुलिस की नजर है और सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे वीडियो के आधार पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page