Haldwani: गाय से टकराई स्कूटी, 24 साल की युवती की मौत

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर के रामपुर रोड पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवती की जान चली गई। बेलबाबा मंदिर के समीप सड़क पर अचानक सामने आई गाय से स्कूटी टकराने के बाद युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक कमलुवागांजा हिम्मतपुर तल्ला निवासी श्रेया जोशी रुद्रपुर सिडकुल से ड्यूटी कर देर रात अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के पास पहुंची, सड़क पर मौजूद एक गाय से उसकी स्कूटी टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की आशंका, ट्रम्प ने दी सैन्य कार्रवाई के संकेत

घटना के बाद मौके से गुजर रहे एक राहगीर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल युवती को तुरंत अपनी गाड़ी में डालकर अस्पताल पहुंचाया। उसने डायल 112 पर भी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम भी सक्रिय हो गई। युवती को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की आयु में निधन

राहगीर ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से हल्द्वानी की ओर आ रहा था। रास्ते में सड़क पर एक गाय पड़ी दिखाई दी, जिसे हटाने के लिए जैसे ही वह रुका, उसने सड़क किनारे एक युवती को घायल अवस्था में पड़ा देखा। उसने बिना समय गंवाए युवती को उठाया और अस्पताल पहुंचाया।

मामले में टीपी नगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा गाय से टकराने के कारण हुआ है। घटनास्थल से बरामद स्कूटी के अगले हिस्से में गाय के बाल फंसे मिले हैं, जो टक्कर की पुष्टि करते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर दिखेगा उत्तराखंड का वैभव...झांकी ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’ करेगी राज्य का प्रतिनिधित्व

इस घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा पशुओं की समस्या को उजागर कर दिया है। मुख्य सड़कों पर घूम रहे पशु न सिर्फ यातायात में बाधा बन रहे हैं, बल्कि लोगों की जान के लिए भी खतरा साबित हो रहे हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं, युवती की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page