फर्जी मुकदमों का आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी
हल्द्वानी: शहर में कथित पुलिस दुर्व्यवहार और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के मुद्दे को लेकर शनिवार को विधायक सुमित हृदयेश ने प्रेस वार्ता कर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का मौलिक अधिकार है, लेकिन हालिया घटनाओं में जिस तरह युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ व्यवहार किया गया, वह दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्षता से काम नहीं कर रही और सत्तापक्ष के दबाव में कार्य करती प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में फंसाकर उन्हें अपराधी बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मदरसन कंपनी में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण धरना दे रहे कामगारों के समर्थन में पहुंचे समाजसेवी पीयूष जोशी, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू और छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई दमनकारी नीति का उदाहरण है।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सभी कथित फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए।
इस दौरान राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू और छात्र नेता आशीष कबड़वाल ने भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और लोगों को डराया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा है।
प्रेस वार्ता में समाजसेवी पीयूष जोशी की माता पुष्पा जोशी ने भावुक होकर बताया कि उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई और गंभीर मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय में जी रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल चिमवाल ने भी पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्दोषों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए जल्द न्याय की मांग की।

