Haldwani: तीन दिन से खराब ट्यूबवेल से इंदिरा नगर में पेयजल संकट गहराया, आंदोलन की चेतावनी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर के इंदिरा नगर वार्ड संख्या-31 स्थित 13 बीघा क्षेत्र में ट्यूबवेल खराब होने के बाद पिछले दो-तीन दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। क्षेत्रवासियों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल संस्थान की ओर से टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन वह भी लोगों की जरूरत पूरी नहीं कर पा रही है।

पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी ने बताया कि 13 बीघा स्थित ट्यूबवेल फुंकने के बाद अब तक उसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। जैसे ही जल संस्थान का टैंकर बस्ती में पहुंचता है, पानी भरने के लिए बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों की भीड़ उमड़ पड़ती है।

यह भी पढ़ें 👉  बजट 2026: नए आयुर्वेदिक अस्पताल, महिला छात्रावास और टेक्नोलॉजी मिशन का ऐलान

उन्होंने कहा कि जल संस्थान की ओर से इंदिरा नगर छोटी सड़क, मोहम्मदी मस्जिद, मोहम्मदी चौक, दुर्गा मंदिर, बड़ी सड़क समेत कई इलाकों में टैंकर भेजे गए, लेकिन इसके बावजूद आधे से अधिक लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पाया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: विद्यालयी शिक्षा विभाग में 1556 पदों पर होगी संविदा भर्ती, युवाओं को मिलेगा रोजगार

शकील अहमद सलमानी ने उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता से अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था करने और खराब ट्यूबवेल को जल्द ठीक कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर अधिशासी अभियंता कार्यालय में धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के मंदिरों, मस्जिदों और विद्यालयों में भी पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। मस्जिदों में नमाजियों को वजू के लिए पानी नहीं मिल पा रहा, जबकि स्कूलों में मिड-डे मील योजना भी प्रभावित हो रही है। लोगों के सामने रोजी-रोटी और पानी की व्यवस्था के बीच चुनने जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़ में हाथियों का हाईवे पर आतंक, मार्निंग वॉक पर निकले लोगों को दौड़ाया, मची अफरा-तफरी...Video

पूर्व सभासद ने मांग उठाई कि मलिक के बगीचे क्षेत्र में थाने के पास एक मिनी ट्यूबवेल की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में हर गर्मी के मौसम में होने वाले पेयजल संकट से लोगों को राहत मिल सके।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page