एमसीएक्स पर सोना 546 रुपये टूटा, चांदी में करीब 4 हजार की गिरावट, कच्चे तेल में तेजी से डॉलर इंडेक्स मजबूत
मुंबई: वैश्विक बाजार में मजबूत डॉलर के चलते गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव देखने को मिला। घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दोनों कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर 5 जून 2026 के सोने के कॉन्ट्रैक्ट में सुबह 9:56 बजे 0.36 प्रतिशत यानी 546 रुपये की गिरावट आई और कीमत 1,52,111 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान सोना 1,51,719 रुपये के निचले स्तर और 1,52,200 रुपये के उच्च स्तर तक गया।
वहीं चांदी के 5 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में 1.61 प्रतिशत यानी 3,987 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और भाव 2,44,377 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। चांदी ने दिन में 2,42,220 रुपये का न्यूनतम और 2,44,730 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार COMEX (कॉमेक्स) पर भी कीमती धातुओं में कमजोरी बनी रही। यहां सोना 0.68 प्रतिशत गिरकर 4,720 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.43 प्रतिशत टूटकर 76 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस गिरावट की मुख्य वजह डॉलर इंडेक्स में मजबूती है। डॉलर इंडेक्स 0.11 प्रतिशत बढ़कर 98.50 के ऊपर पहुंच गया, जिससे सोने और चांदी जैसी धातुओं पर दबाव बढ़ गया। आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर निवेशक कीमती धातुओं से दूरी बनाते हैं।
डॉलर की मजबूती के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में उछाल को प्रमुख कारण माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 103 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.36 प्रतिशत बढ़कर 94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
डॉलर इंडेक्स दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं—यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक—के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाता है। इसके मजबूत होने का सीधा असर सोना-चांदी जैसी सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों पर देखने को मिलता है।
