अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली हमले की जिम्मेदारी

खबर शेयर करें

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना में अभिनेता सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। हालांकि, उनके ड्राइवर समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुष्पा पार्क के पास हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिनेता और उनके साथ मौजूद लोगों की कार पर गोलियां चलाईं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक संदिग्ध व्यक्ति कार पर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: गैर-विवादित नामांतरण प्रकरण समयबद्ध निस्तारित करें : डीएम

सात राउंड फायरिंग की बात आई सामने

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, हमलावर ने एक के बाद एक कई गोलियां चलाईं। घटना में करीब सात राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई।

फायरिंग के बाद अभिनेता ने खुद गाड़ी चलाकर घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल पर बैरिकेडिंग कर दी है। फॉरेंसिक टीम की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और आसपास से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  पैन कार्ड में गलती सुधरवाना अब आसान: घर बैठे ऑनलाइन करें सुधार, जानिए पूरी प्रक्रिया

अनिल पंडित और हरमन संधू ने ली जिम्मेदारी

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधू ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। पोस्ट में दोनों ने टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग का जिक्र करते हुए धमकी भरे संदेश भी साझा किए।

पोस्ट में दावा किया गया कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में उनकी बात नहीं सुनने या सलमान खान के साथ काम करने वालों को निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  ट्रंप का बड़ा दावा: ईरान में बदला नेतृत्व, परमाणु समझौते के करीब पहुंचे दोनों देश

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

मुंबई पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बताए जा रहे हैं। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच और आधिकारिक बयानों के आधार पर सामने आने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page