Uttarakhand: हल्द्वानी में थाल सेवा के 8 साल पूरे, ₹5 में भरपेट भोजन कराकर पेश की मानवता की मिसाल

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल बनी ‘थाल सेवा’ ने अपने ऐतिहासिक आठ वर्ष पूरे कर लिए हैं। कुमाऊं के सबसे बड़े अस्पताल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के निकट लिटिल मिरेकल फाउंडेशन की ओर से संचालित यह सेवा जरूरतमंदों को मात्र पांच रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध करा रही है। खास बात यह है कि यह सेवा साल के 365 दिन बिना रुके जारी रहती है। आठ वर्षों के दौरान करीब 32 लाख 70 हजार थालियां जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा चुकी हैं।

थाल सेवा की आठवीं वर्षगांठ के अवसर पर नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल भी सेवा कार्य में शामिल हुए और थाल सेवक बने। उन्होंने सेवा से जुड़े सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रीय खेल: स्वास्थ्य विभाग ने तैयार की 141 मेडिकल टीम, खिलाड़ियों को मिलेगी हेली एंबुलेंस की सुविधा

18 अक्टूबर 2018 को हुई थी शुरुआत

थाल सेवा की शुरुआत 18 अक्टूबर 2018 को तत्कालीन आरएफसी पद पर कार्यरत ललित मोहन रयाल ने अपने हाथों से की थी। उस समय शुरू हुई यह छोटी-सी पहल आज जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत बन चुकी है। आठ वर्ष बाद नैनीताल के जिलाधिकारी के रूप में रयाल दोबारा इस सेवा से जुड़े और टीम के प्रयासों को करीब से देखा।

उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों से लगातार संचालित यह सेवा अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। सेवा से जुड़े लोगों का समर्पण और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का निरंतर प्रयास सराहनीय है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: वार्ड 58 में लगा नया ट्रांसफार्मर, पार्षद मनोज जोशी के प्रयासों से प्रगति विहार समेत तीन कॉलोनियों को लो वोल्टेज से राहत

11 लोगों की टीम से शुरू हुआ सफर, अब लाखों लोगों को मिला सहारा

लिटिल मिरेकल फाउंडेशन की ओर से दिनेश मानसेरा ने वर्ष 2018 में 11 लोगों की टीम के साथ थाल सेवा की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर पौष्टिक और भरपेट भोजन उपलब्ध कराना था।

महज पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने वाली यह पहल समय के साथ जनसहयोग और सेवा भावना के बल पर आगे बढ़ती रही। अस्पताल के आसपास आने वाले मरीजों के परिजनों और अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए यह सेवा काफी मददगार साबित हो रही है।

आठ वर्षों में 32.70 लाख थालियों का आंकड़ा इस पहल से जुड़े लोगों के निरंतर परिश्रम और समाज के सहयोग को दर्शाता है। बिना किसी विराम के सालभर सेवा जारी रखना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 16 मई 2025

सेवा और सहयोग से आगे बढ़ रहा अभियान

थाल सेवा से जुड़े सदस्यों का कहना है कि इस पहल का मूल उद्देश्य जरूरतमंदों को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराना है। समाज के सहयोग और स्वयंसेवकों के समर्पण से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर थाल सेवा के अध्यक्ष उमंग वासुदेवा सहित राजीव बग्गा, राजीव वाही, राहुल वार्ष्णेय, प्रवीण मित्तल, अतुल वर्मा, संजय बग्गा, सरयू प्रसाद, महेंद्र सिंह, दिनेश आर्य सहित अन्य सदस्य सेवा कार्य में मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page