Haldwani: सेंट थेरेसा स्कूल में बाल अधिकार कार्यशाला, आयोग सदस्य योगेश रजवार ने दिए बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों पर सख्त निर्देश

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पहल पर मंगलवार को काठगोदाम स्थित सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बाल अधिकार, बाल सुरक्षा और नशामुक्त समाज विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने की। इस दौरान उन्होंने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों के अधिकारों की रक्षा और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावक, विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राएं और विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यशाला में खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, जिला प्रोबेशन विभाग की अधिकारी पल्लवी तिवारी, चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक किरण पंत, परिवहन विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में रेड अलर्ट: अगले 24 घंटे अत्यधिक भारी बारिश की आशंका

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुमाऊंनी सांस्कृतिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का स्वागत किया।

बच्चों के अधिकारों की दी विस्तृत जानकारी

कार्यशाला को संबोधित करते हुए आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बच्चों और अभिभावकों को बाल अधिकार संरक्षण आयोग की भूमिका, बच्चों के संवैधानिक अधिकार, सुरक्षा, शिक्षा और संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना समाज और विद्यालय की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा विद्यालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

यह भी पढ़ें 👉  मेंहदीपुर बालाजी दर्शन को गए देहरादून के परिवार की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

स्कूल का किया औचक निरीक्षण

कार्यशाला के बाद आयोग सदस्य ने शिक्षा विभाग की टीम के साथ विद्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं, व्यवस्थाओं और बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा स्कूल प्रबंधन को आवश्यक व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की भी जानकारी ली।

नशामुक्त समाज बनाने का किया आह्वान

योगेश रजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए जनजागरूकता, प्रभावी कानून व्यवस्था और विभिन्न अभियानों के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे और गलत संगति से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बिजली दरों में बढ़ोतरी, एक अप्रैल से लागू होंगी नई दरें

चाइल्ड हेल्पलाइन और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी

खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य महत्वपूर्ण सहायता नंबरों की जानकारी दी। जिला प्रोबेशन विभाग की अधिकारी पल्लवी तिवारी, चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक किरण पंत तथा अन्य अधिकारियों ने भी बच्चों को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिकाओं ललिता साह और नीतू काराकोटी ने किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य फादर राजेश, स्कूल मैनेजर फादर डेरिक, पीटीआई एवं कार्यक्रम संयोजक इंद्र कार्की, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page