हल्द्वानी: नैनीताल जिले के टांडा क्षेत्र अंतर्गत पीपलपड़ाव जंगल में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता को तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना के खुलासे के निर्देश दिए।
घटनास्थल पर वन विभाग के रेंजर नवीन सिंह रौतेला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। जांच में मृतक की पहचान वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर तैनात मेवा लाल (50) पुत्र हरी लाल निवासी कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान पुलिस को संदिग्ध लगे। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से पहले उसने और मृतक ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई थी।
संदेह के आधार पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने लाई और सख्ती से पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान वह गुस्से में आ गया और कुल्हाड़ी से हमला कर मेवा लाल की हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिवारी सिंह (45) पुत्र जय सिंह निवासी लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। वर्तमान में वह पीपलपड़ाव क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

