Haldwani: 35 लाख के सोने के जेवर बरामद, पुलिस ने तीन चोरी की वारदातों का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

खबर शेयर करें

लालकुआं (हल्द्वानी): नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 तोला सोना बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस गिरफ्तारी के साथ तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का भी पर्दाफाश कर दिया है।

19 जुलाई 2026 को बिन्दुखत्ता के चित्रकूट तिवारी नगर निवासी चन्द्रा देवी ने थाना लालकुआं में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के हार, नथ, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, झुमके और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव से पहले गोलीकांड, ग्रामीण घायल

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वर्ष 2025 में भी इसी तरह की दो बड़ी चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इनमें संजय नगर द्वितीय निवासी पार्वती देवी तथा रावतनगर द्वितीय निवासी कुंवर सिंह मेहता के घरों से भी जेवर और नकदी चोरी हुई थी।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में टीम ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए जांच को आगे बढ़ाया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से, नकलविहीन संचालन के लिए प्रशासन सख्त...Video

23 मई को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति बिन्दुखत्ता क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने पहुंचा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान भानु प्रताप (21) पुत्र रोशन लाल निवासी बहेड़ी, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से टूटे हुए सोने के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा पंखेनुमा हीटर की निचली प्लेट के भीतर भी सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिन में बंद मकानों की रेकी करता था और मौका मिलने पर ताला तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर फरार हो जाता था।

यह भी पढ़ें 👉  अंडमान में बड़ा हादसा टला: पवन हंस हेलीकॉप्टर समुद्र में क्रैश-लैंड, 7 लोग थे सवार

पुलिस के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2025 में दर्ज दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है। बरामद आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं से कराई गई, जिसके बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। सफल खुलासे पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page