श्रीलंका में वेसाक उत्सव के दौरान बड़ा हादसा…बेकाबू ट्रक ने भीड़ को रौंदा, 6 की मौत, 13 घायल

खबर शेयर करें

कोलंबो। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के बाहरी इलाके में बौद्ध धर्म के प्रमुख वेसाक उत्सव के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। एक बेकाबू पिकअप ट्रक भीड़ में घुस गया, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार हादसा रविवार रात मीगोडा क्षेत्र में उस समय हुआ, जब वेसाक पर्व के अवसर पर लगाए गए एक मुफ्त भोजन वितरण केंद्र (फूड स्टॉल) के बाहर बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे भीड़ में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें 👉  ट्रंप का ‘ग्रीनलैंड प्लान’ बना वैश्विक टकराव की वजह, चीन से बढ़ती नजदीकी ने बढ़ाया तनाव

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक घटनास्थल से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कई किलोमीटर तक पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की उम्र 42 वर्ष बताई गई है।

यह भी पढ़ें 👉  टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर संकट के बादल, बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार से बढ़ी आईसीसी की परेशानी

पुलिस ने बताया कि मृतकों में 35 से 38 वर्ष आयु के तीन पुरुष और 15 से 56 वर्ष आयु की तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 13 घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

वेसाक बौद्ध धर्म का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक उत्सव माना जाता है। यह पर्व भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है। इस दौरान पूरे श्रीलंका में श्रद्धालु मुफ्त भोजन और पेय पदार्थों के स्टॉल लगाते हैं तथा बड़ी संख्या में लोग धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: नशे की चपेट में आया किशोर फंदे से झूला, मौत

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और चालक के खिलाफ लापरवाही एवं नशे में वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page