दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज…धूल भरी आंधी और बारिश से मिली राहत, अगले तीन दिन येलो अलर्ट

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जिससे उमस और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। जंतर-मंतर सहित राजधानी के कई हिस्सों में सुबह से बारिश दर्ज की गई, जबकि देर रात से ही तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही का दौर जारी था।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बुधवार देर रात मंडी हाउस समेत कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई थी। इसके चलते राजधानी के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 5.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  डीएलएड प्रशिक्षुओं को भर्ती में शामिल करने की मांग पर हंगामा, निदेशक पर अभद्रता का आरोप

बुधवार को दिनभर आसमान में बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा। सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र पर 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत रही।

2 से 7 जुलाई तक बदलता रहेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 2 से 7 जुलाई के बीच दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम लगातार बदलता रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत पर सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी में देर रात 2 जुलाई या 3 जुलाई की सुबह से दिखाई देना शुरू हो सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  लखनऊ अग्निकांड के बाद फिर चर्चा में आया सुरेंद्र शुक्ल का नाम, 2015 के सीपीएमटी पेपर लीक कांड से भी जुड़ चुका है मामला

इस दौरान आसमान में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 2 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।

तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी

आईएमडी ने 2, 3 और 4 जुलाई के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: आंदोलनरत उपनल कर्मचारियों पर सरकार सख्त, ‘नो वर्क–नो पे’ आदेश लागू

जल्द पहुंचेगा मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंच सकता है। हालांकि इस बार मानसून के आगमन में कुछ देरी हुई है। सामान्य तौर पर दिल्ली में मानसून 27 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस वर्ष मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में इसकी रफ्तार धीमी रही। विशेषज्ञों का कहना है कि अब मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में दिल्ली सहित पूरे क्षेत्र में अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page