Uttarakhand Weather Update: आज देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद, 10 अगस्त तक बारिश के आसार

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने बुधवार (5 अगस्त) को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। देहरादून और बागेश्वर जिले के कुछ क्षेत्रों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन बागेश्वर जिले के सभी स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है।

इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश के दौर पड़ने के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर: पावर लिफ्टर ने पिता की लाइसेंसी बंदूक से की खुदकुशी, परिवार में कोहराम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक बनी रहेंगी। पूर्वानुमान है कि 10 अगस्त तक उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि कई स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। लगातार हो रही बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  देसी शराब के कांच के पव्वों पर प्रतिबंध, अब टेट्रा पैक में बिकेगी शराब

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों में न रुकने तथा प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Weather : मौसम के बदले मिजाज के संकेत, आज ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

You cannot copy content of this page