नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर)। ग्राम सिद्धानवदिया में सतनाम सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ बंटी समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
सोमवार को एसएसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को ग्राम सिद्धानवदिया निवासी सोनू सिंह पुत्र चरणजीत सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप था कि कुलदीप सिंह उर्फ बंटी, लखविंदर सिंह उर्फ लक्की, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, कमल सिंह और मनदीप कौर समेत अन्य लोग अवैध तमंचों से लैस होकर एकराय होकर उनके घर पहुंचे थे।
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने घर पर पथराव किया और सोनू सिंह के भाई सतनाम सिंह को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस ने सोमवार, 19 अक्टूबर को दबिश देकर कुलदीप सिंह उर्फ बंटी निवासी सिद्धानवदिया और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी नोगजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कुलदीप के कब्जे से 12 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा दो जिंदा कारतूस, एक अन्य खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
एसएसपी ने बताया कि कुलदीप सिंह उर्फ बंटी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ खटीमा थाने में पहले से दो प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक राजेंद्र पंत, मनोज जोशी, संजय कुमार, प्रदीप कोहली, अशोक कांडपाल और नवल किशोर शामिल रहे। प्रेस वार्ता में पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल भी मौजूद थे।

