Uttarakhand: नैनीताल जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 2 सितम्बर को बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र

खबर शेयर करें

नैनीताल। नैनीताल जिले में लगातार बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। बुधवार, 2 सितंबर 2026 को जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश रहेगा।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 1 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान में 2 सितंबर के लिए नैनीताल जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें 👉  Weather Update: उत्तराखंड में बढ़ेगी तपिश...मैदानी जिलों में हीट वेव का खतरा, अगले दो दिन और चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने का पूर्वानुमान है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश जारी है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 2 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी इस दिन अवकाश अनुमन्य रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: NEET की तैयारी करने हल्द्वानी आई छात्रा ने की आत्महत्या, डायरी की एक लाइन ने बढ़ाए सवाल

इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बुधवार को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबंधित संस्थानों तक आदेश की सूचना समय से पहुंचाने तथा इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

हालांकि, आदेश में नैनीताल शहर के आवासीय विद्यालयों को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: बदरीनाथ धाम के चढ़ावे पर उठे सवाल...दान में कथित हेराफेरी के आरोपों से मचा हड़कंप, बीकेटीसी ने बैठाई जांच

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने या इसमें किसी प्रकार का विचलन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। खासकर नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की जरूरत है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page