Uttarakhand: हल्द्वानी में जुए के अड्डे पर धावा…असलहों के दम पर लाखों की लूट, चेन-अंगूठियां भी उतरवाईं

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार रात हथियारबंद बदमाशों ने जुए के एक कथित अड्डे पर धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दे दिया। स्कॉर्पियो और सफेद रंग की कार से पहुंचे करीब 10 बदमाशों ने असलहों के बल पर जुआ खेल रहे लोगों को बंधकनुमा स्थिति में काबू कर लिया। इसके बाद फड़ पर रखी नकदी और लोगों की जेबों से रुपये लूटने के साथ ही उनके गले से सोने की चेन और अंगुलियों से अंगूठियां भी उतरवा लीं। वारदात के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों वाहनों से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ और कोतवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू करने के साथ ही जिले के अन्य थानों को भी अलर्ट कर दिया है।

पुरानी कारों के दफ्तर में चल रहा था ताश का खेल

पुलिस के अनुसार गोरापड़ाव क्षेत्र में कुछ माह पहले पुरानी कारों की बिक्री से संबंधित एक कार्यालय खोला गया था। बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे यहां लगभग 10 लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो और सफेद रंग की कार में सवार होकर आठ से दस बदमाश अचानक कार्यालय में घुस आए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: कर्ज़ और आर्थिक तंगी से परेशान दंपत्ति ने दी जान, अलग-अलग कमरों में लटके मिले शव

बदमाशों ने अंदर पहुंचते ही असलहे निकाल लिए और वहां मौजूद लोगों को घेरकर अपने कब्जे में ले लिया। हथियारों के साए में किसी को विरोध का मौका नहीं मिला। इसके बाद बदमाशों ने जुए के फड़ पर रखी नकदी को कब्जे में लिया और वहां मौजूद लोगों की जेबें भी टटोलीं।

नकदी के साथ चेन और अंगूठियां भी लूटीं

लूटपाट के दौरान बदमाशों ने केवल नकदी ही नहीं लूटी, बल्कि वहां मौजूद लोगों के गले से सोने की चेन और अंगुलियों से अंगूठियां भी उतरवा लीं। इसके बाद सभी को जान से मारने की धमकी दी और दोनों वाहनों में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ितों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पुलिस तक पहुंची तो एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ और कोतवाल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर बदमाशों के हुलिए, वाहनों और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाईं।

यह भी पढ़ें 👉  Udham Singh Nagar: हरेला पर्व पर खनन विभाग की अनूठी पहल, सिडकुल में विकसित किया गया फलदार 'फ्रूट गार्डन'

कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर भी थे मौजूद

सूत्रों के मुताबिक लूट की वारदात का शिकार हुए लोगों में कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें कुछ लोग गोरापड़ाव क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि कुछ हल्द्वानी के निवासी हैं। ये लोग अक्सर उक्त कार्यालय में इकट्ठा होकर ताश खेलते थे।

वारदात में बड़ी रकम के साथ सोने के आभूषण लूटे जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। हालांकि लूटी गई कुल रकम और आभूषणों की कीमत का वास्तविक आकलन पुलिस की जांच और पीड़ितों की शिकायत के बाद ही स्पष्ट होगा।

सीसीटीवी कैमरों से मिल सकते हैं अहम सुराग

बदमाश वारदात के बाद जिन दो वाहनों से फरार हुए, पुलिस अब उन्हीं वाहनों के जरिए उनकी पहचान तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हाईवे से लेकर आसपास के इलाकों में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इनमें कैद फुटेज की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि एक सीसीटीवी कैमरे से बदमाशों की गाड़ी से जुड़ी अहम जानकारी भी पुलिस के हाथ लगी है। ऐसे में पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और वाहनों की आवाजाही के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: मुक्तेश्वर में बहुमंजिला निर्माण पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, भू-कानून के दुरुपयोग की आशंका, जांच के आदेश

कई टीमें गठित, दूसरे थानों को भी किया अलर्ट

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही जिले के अन्य थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पीड़ितों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपितों को जल्द हिरासत में लिया जाएगा।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कहा, “दस बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्हीं वाहनों से फरार हो गए। घटना का पर्दाफाश करने में कैमरे अहम साबित होंगे। हाईवे से लेकर अन्य जगह पर सीसीटीवी मौजूद हैं। अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। आरोपित जल्द पुलिस हिरासत में होंगे। फिलहाल अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।”

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page