Uttarakhand: पीआईबी देहरादून में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

खबर शेयर करें

देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून में बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में आम, चीकू और लीची सहित फलदार पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान लोगों को प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य तैयार करने की प्रेरणा देते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  पीठ दर्द की समस्या में 95 फीसदी मामलों में नहीं होती सर्जरी की जरूरत : डॉ. कपिल जैन

कार्यक्रम की अध्यक्षता पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके पेड़ बनने तक देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति और मां का रिश्ता बेहद गहरा और अटूट है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान इसी भाव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ता है। उन्होंने सभी लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में कई बार घूम चुकी है पाक जासूसी की आरोपी यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, एजेंसियां सतर्क

गौरतलब है कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी मां के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही लोगों को पेड़ों और धरती मां की सुरक्षा का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, भूक्षरण रोकने और क्षतिग्रस्त एवं खराब हो चुकी भूमि के पुनर्स्थापन पर भी जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  बेतालघाट फायरिंग मामला: थानाध्यक्ष निलंबित, सीओ पर विभागीय कार्यवाही की संस्तुति

पीआईबी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संस्थान, कार्यस्थल तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page