Uttarakhand: 27 जुलाई की भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट…कुमाऊं के इस जिले में कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

खबर शेयर करें

बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए 27 जुलाई 2026 (सोमवार) को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।

मौसम विभाग ने 25 जुलाई को जारी पूर्वानुमान में 27 जुलाई के लिए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा अत्यंत तीव्र बारिश होने की संभावना है। ऐसे मौसम में भूस्खलन, जलभराव और सड़क मार्ग बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Budget Session: सदन में पेश हुआ ‘देवभूमि परिवार विधेयक-2026’, परिवार आधारित एकीकृत डेटाबेस बनेगा

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण जनपद के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य सोमवार को पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 19 अक्टूबर 2025

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि यदि किसी स्तर पर आदेश की अवहेलना की गई तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: बेटियों के सुरक्षित भविष्य की कवच बनेगी HPV वैक्सीन, सीएमओ ने छात्राओं को किया जागरूक

जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page