Uttarakhand: केदारनाथ धाम में श्रद्धा का नया कीर्तिमान, 30 मई तक 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

खबर शेयर करें

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान 30 मई तक बाबा केदार के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग के अनुसार शुक्रवार शाम पांच बजे तक कुल 10,00,497 श्रद्धालु केदारनाथ धाम में दर्शन कर चुके हैं।

30 मई को भी धाम में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। 29 मई की शाम पांच बजे से 30 मई की शाम पांच बजे तक कुल 24,066 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 12,856 पुरुष, 11,088 महिलाएं और 122 बच्चे शामिल रहे। शुक्रवार को विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या शून्य दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: अगले साल से घर बैठे होगी जमीन-मकान की रजिस्ट्री, अप्रैल 2026 से शुरू होगा वर्चुअल सिस्टम

चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव केदारनाथ में इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रा मार्ग पर प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटी हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं में टैक्स चोरी का ‘सिस्टम सेट’...छोटे कारोबारियों पर गाज, बड़े माफिया बेखौफ - कौन दे रहा संरक्षण?

धाम में 10 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार होना न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यात्रा सीजन के अभी कई सप्ताह शेष हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में रिकॉर्ड तोड़ कमाई, 29.80 करोड़ का राजस्व अर्जित

यात्रा से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि मौसम और व्यवस्थाएं अनुकूल रहने पर इस वर्ष केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों के रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकती है। बाबा केदार के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page