नैनीताल। नैनीताल जिले में मौसम के बिगड़ते मिजाज और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार, 31 अगस्त को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 31 अगस्त के लिए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने यह आदेश जारी किया।
मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर आने का पूर्वानुमान है। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश हो रही है। ऐसे में नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ ही संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने 31 अगस्त को जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों को बंद रखने का फैसला किया है। स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी इस दिन अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए पढ़ाई और रहने की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है। ऐसे आवासीय संस्थानों में शैक्षणिक और आवासीय गतिविधियां पूर्ववत संचालित होंगी।
प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश में साफ किया गया है कि इसमें किसी भी प्रकार का विचलन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
