UKSSSC Recruitment 2026: उत्तराखंड में 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, परीक्षा कैलेंडर में भी बड़ा बदलाव

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग की सात भर्तियों का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी करने के साथ ही वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत विभिन्न पदों पर 101 रिक्तियों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है।

आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं की निर्धारित तिथियों में बदलाव किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को ध्यान से देखना बेहद जरूरी है।

सात भर्तियों की परीक्षा तिथियों में बदलाव

संशोधित कैलेंडर के मुताबिक पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा, जो पहले 18 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, अब 20 सितंबर 2026 को होगी।

इसी तरह सहायक लेखाकार की परीक्षा की तारीख भी बदल दी गई है। यह परीक्षा अब 4 अक्टूबर के बजाय 1 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। वैयक्तिक सहायक की परीक्षा पहले 1 नवंबर को प्रस्तावित थी, जिसे अब आगे बढ़ाकर 20 दिसंबर 2026 कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  अंकिता भंडारी हत्याकांड: वायरल ऑडियो प्रकरण में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पर नोटिस चस्पा, पूर्व विधायक राठौर अब भी लापता

विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर की परीक्षा जनवरी में

आयोग के संशोधित कैलेंडर में विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा की तिथि में बदलाव नहीं किया गया है। यह परीक्षा 17 जनवरी 2027 को ही आयोजित होगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी कैलेंडर में इस परीक्षा के वर्ष को गलती से 2026 प्रकाशित कर दिया गया था। संशोधित कैलेंडर में इसे ठीक करते हुए परीक्षा वर्ष 2027 किया गया है।

101 पदों के लिए भर्ती, 14 सितंबर से आवेदन

इधर, आयोग ने वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर और अन्य समूह-ग के 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होकर 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में किसी प्रकार की गलती होने पर उसे सुधारने का मौका भी दिया जाएगा। आवेदन में 17 से 19 अक्टूबर 2026 के बीच त्रुटि सुधार किया जा सकेगा। लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 20 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: जिला पंचायत चुनाव कांड पर हाईकोर्ट का शिकंजा, SSP को लगाई कड़ी फटकार, पूछा- कहां थी तुम्हारी पुलिस फोर्स?

19 विभागों में होगी नियुक्ति

इस भर्ती के तहत राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिलेगा। इनमें कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। भर्ती में आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद, आयुक्त कुमाऊं मंडल में 16 पद और वन निगम में 10 पद शामिल हैं। अन्य पद विभिन्न विभागों में निर्धारित किए गए हैं।

वैयक्तिक सहायक पद के लिए क्या है योग्यता?

वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

शैक्षिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही निर्धारित टाइपिंग दक्षता भी आवश्यक है। वैयक्तिक सहायक पद के लिए 80 शब्द प्रति मिनट की गति से टाइपिंग अनिवार्य बताई गई है।

आशुलिपिक पद के लिए टाइपिंग और स्टेनोग्राफी जरूरी

आशुलिपिक पद के लिए भी अभ्यर्थी का 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट की गति तथा 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड निर्धारित की गई है। इसलिए जिन अभ्यर्थियों ने स्टेनोग्राफी और टाइपिंग का प्रशिक्षण लिया है, उनके लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  प्रधानमंत्री मोदी का मॉरीशस दौरा: राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अनारक्षित और OBC वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं SC, ST और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 150 रुपये निर्धारित किया गया है।

अभ्यर्थी परीक्षा कैलेंडर जरूर करें चेक

आयोग की ओर से परीक्षा तिथियों में किए गए बदलाव के बाद अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति भी उसी के अनुसार बनाने की जरूरत है। खासकर जिन अभ्यर्थियों ने 20 सितंबर, 4 अक्टूबर या 1 नवंबर की तारीख को ध्यान में रखकर तैयारी की थी, उन्हें संशोधित कैलेंडर के अनुसार अपना शेड्यूल अपडेट करना होगा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page