अमेरिका-वेनेजुएला टकराव ने लिया युद्ध जैसा रूप, काराकास में अमेरिकी हवाई हमला, राजधानी दहली

खबर शेयर करें

वॉशिंगटन/काराकास। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच जारी तनाव शनिवार तड़के गंभीर सैन्य संघर्ष में तब्दील हो गया। पेंटागन के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला की राजधानी काराकास में एक बड़े सैन्य अभियान को अंजाम देते हुए नेवी बेस पर हवाई हमला किया। रिपोर्टों के अनुसार, हमले के दौरान शहर में एक के बाद एक सात तेज धमाके हुए, जिससे पूरी राजधानी दहल उठी।

रक्षा मंत्री के आवास को भी निशाना बनाने का दावा
स्काई न्यूज अरेबिया के मुताबिक, अमेरिकी हमले में केवल सैन्य ठिकानों को ही नहीं, बल्कि वेनेजुएला के रक्षा मंत्री के आवास को भी निशाना बनाया गया। यह हमला शनिवार तड़के करीब दो बजे किया गया, जिसके बाद काराकास के आसमान में धुएं के घने गुबार उठते देखे गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चारधाम यात्रा अंतिम चरण में, बदरीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को होंगे बंद

धमाकों से कांपी राजधानी, कई इलाकों में ब्लैकआउट
सीएनएन की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, पहला धमाका स्थानीय समयानुसार रात 1:50 बजे हुआ। सीएनएन की संवाददाता ओसमारी हर्नांडेज ने बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि खिड़कियां तक हिल गईं। हमलों के तुरंत बाद काराकास के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और आसमान में लड़ाकू विमानों की आवाजाही देखी गई। दहशत के चलते लोग रात में ही घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।

ट्रंप की चेतावनी के बाद कार्रवाई
इस हमले की पृष्ठभूमि लंबे समय से तैयार मानी जा रही थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला में सक्रिय कथित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दे चुके थे। ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ड्रग कार्टेल का संचालन करते हैं। अक्टूबर में ट्रंप ने सीआईए को वेनेजुएला में गुप्त अभियान चलाने की अनुमति भी दी थी।

यह भी पढ़ें 👉  इस्लामाबाद: सिंध के गृहमंत्री के घर पर हमला, आगजनी और हिंसा में दो प्रदर्शनकारी ढेर, दर्जनभर घायल

वहीं, राष्ट्रपति मादुरो ने अमेरिका के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि अमेरिका की नजर वेनेजुएला के तेल और खनिज संसाधनों पर है और इसी कारण उनकी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है।

कैरेबियन सागर में भी अमेरिकी कार्रवाई
अमेरिका इससे पहले कैरेबियन सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर में ड्रग तस्करी के संदेह में कई अभियानों को अंजाम दे चुका है। अमेरिकी सेना के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 30 हमलों में 107 लोगों के मारे जाने की बात सामने आई है। ट्रंप पहले ही संकेत दे चुके थे कि मादुरो पर दबाव बनाने के लिए जमीनी सैन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  टैरिफ पर ट्रंप का भारत को अल्टीमेटम: बोले– पीएम मोदी से रिश्ते अच्छे, लेकिन रूस के तेल से नाराज

फिलहाल, वेनेजुएला सरकार की ओर से हमले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, व्हाइट हाउस से संपर्क के बावजूद अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page