देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन के बाद प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना के अंतर्गत सभी 13 जनपदों को विकास कार्यों हेतु कुल ₹1018.206 करोड़ की धनराशि आवंटित की है। सरकार का कहना है कि इस बजट से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी।
जारी आवंटन में अनुसूचित जाति उपयोजना के लिए ₹200.221 करोड़, अनुसूचित जनजाति उपयोजना के लिए ₹30.007 करोड़ तथा सामान्य मद में ₹787.978 करोड़ शामिल हैं।
सरकार के अनुसार गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना के तहत ₹1010.23 करोड़ जारी किए गए थे, जिनमें से मार्च 2026 तक ₹996.72 करोड़ खर्च किए गए। शेष धनराशि वित्त विभाग को वापस समर्पित कर दी गई थी।
इस बार जनपदवार आवंटन में पौड़ी गढ़वाल को सबसे अधिक ₹119.977 करोड़ की धनराशि दी गई है। वहीं देहरादून को ₹99.394 करोड़, टिहरी गढ़वाल को ₹95.215 करोड़ और चम्पावत को ₹76.914 करोड़ का बजट आवंटित हुआ है।
इसके अलावा नैनीताल को ₹70.189 करोड़, उधम सिंह नगर को ₹74.132 करोड़, अल्मोड़ा को ₹74.737 करोड़, पिथौरागढ़ को ₹71.737 करोड़, बागेश्वर को ₹59.618 करोड़, चमोली को ₹74.237 करोड़, उत्तरकाशी को ₹76.542 करोड़, रुद्रप्रयाग को ₹58.158 करोड़ तथा हरिद्वार को ₹67.356 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिला योजना के माध्यम से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और अन्य जनोपयोगी योजनाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

