हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर छह युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि एक महिला मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्पा संचालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे सत्यापन और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 11 जून की शाम सीओ ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में AHTU टीम ने नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स के ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ पर छापा मारा। इस स्पा सेंटर के संबंध में पूर्व में भी अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल चुकी थीं।
मुखबिर की सटीक सूचना पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस को परिसर के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह युवतियों को रेस्क्यू किया, जिन्हें नियमानुसार काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।
छापेमारी में पुलिस ने रिसेप्शन से 4,320 रुपये नकद, दो एंट्री रजिस्टर, 16 इस्तेमाल किए गए और चार सीलबंद कंडोम पैकेट बरामद किए। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला मैनेजर, एक कथित ग्राहक और दो अन्य सहयोगी शामिल हैं।
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल को भी मामले में नामजद किया है, जो कार्रवाई के दौरान फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना पुलिस द्वारा की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

