पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों भरी यात्रा को मातम में बदल दिया। धारचूला की दारमा घाटी को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क पर पंगबावे के पास पहाड़ी दरकने से एक जीप पर भारी बोल्डर आ गिरे। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीप में सवार सभी यात्री प्रसिद्ध पंचाचूली शिखरों के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पंगबावे क्षेत्र में अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया और बड़े-बड़े बोल्डर सीधे जीप पर आ गिरे। बोल्डरों की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसा इतना भयावह था कि जीप चालक और एक यात्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे और बोल्डरों के बीच फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घटना में घायल तीनों यात्रियों को प्राथमिक राहत के बाद गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धारचूला पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद सोबला-ढाकर मार्ग पर यातायात भी बाधित हो गया। सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं।
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है और सड़क को जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। मानसून से पहले पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भूस्खलन की घटनाओं ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों की संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के विस्तृत कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

