शादी टूटने की रंजिश में सनसनीखेज वारदात…घर में घुसकर दो बहनों को मारी गोली, एक की हालत गंभीर

खबर शेयर करें

गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के वाल्मीकि चौक स्थित आदर्श नगर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने घर में घुसकर दो बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घायल युवतियों की पहचान खुशी और निधि के रूप में हुई है। आरोप है कि पुराना बस अड्डा निवासी जॉनी ने शादी टूटने की रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग में खुशी के पेट में गोली लगी, जबकि उसकी बहन निधि के जबड़े में गोली लगी है। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए खुशी को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। निधि का उपचार पूर्वी दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में चल रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  चीन की कोयला खदान में मौत का तांडव: भीषण गैस विस्फोट में 82 मजदूरों की मौत, कई अब भी फंसे

जानकारी के मुताबिक आदर्श नगर निवासी देवेंद्र गुरुग्राम में टैक्सी चालक हैं, जबकि उनकी पत्नी नोएडा सेक्टर-13 स्थित एक फैक्टरी में काम करती हैं। परिवार वाल्मीकि चौक पर एक किराए के मकान में रहता है। करीब डेढ़ वर्ष पहले खुशी की शादी जॉनी से तय हुई थी। सगाई के बाद दोनों के बीच बातचीत भी शुरू हो गई थी, लेकिन लगभग चार महीने पहले दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

परिजनों और रिश्तेदारों ने कई बार बैठकर समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। अंततः खुशी के परिवार ने शादी से इनकार कर रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर जॉनी नाराज चल रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे खुशी के घर के आसपास पहुंचा था। वह लगभग आधे घंटे तक इलाके में घूमकर रेकी करता रहा। इसके बाद उसने घर के नीचे खड़ी बाइक का सहारा लेकर पहली मंजिल की खिड़की तक पहुंचने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने खिड़की का शीशा तोड़ा और कमरे के अंदर घुसकर फायरिंग शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  भीषण सड़क हादसा: बोलेरो-लॉरी की टक्कर में 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

कमरे में मौजूद खुशी और निधि ने आरोपी को पिस्टल के साथ देखा तो बचने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने लगातार चार से पांच राउंड गोलियां चला दीं। गोली लगते ही दोनों बहनें लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घर की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नेपाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट का बड़ा झटका, भारतीय सामान पर टैक्स वसूली पर लगी रोक

स्थानीय लोगों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। क्षेत्र के निवासी ललित ने कहा कि इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं समाजसेवी डॉली फ्रांसिस ने कहा कि यदि आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की महिलाएं और स्थानीय लोग न्याय के लिए आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शादी टूटने के बाद रंजिश की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल दोनों घायल युवतियों का उपचार जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page